Site icon The Mountain People

‘मन की बात’ में उत्तराखंड की गूंज: पीएम मोदी ने विंटर टूरिज्म, अल्ट्रा मैराथन और डेस्टिनेशन वेडिंग की सराहना की

 

 

 

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रति अपने विशेष स्नेह को प्रकट करते हुए राज्य में विंटर टूरिज्म, साहसिक खेलों और वेडिंग डेस्टिनेशन की अपार संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने देशवासियों से सर्दियों के मौसम में हिमालय की वादियों का अनुभव लेने की अपील भी की।

प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड का विशेष उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड टूरिज्म के सबसे बड़े ब्रांड एम्बेसडर हैं, जिनके मार्गदर्शन से राज्य का पर्यटन विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में करीब ढाई मिनट उत्तराखंड को समर्पित करते हुए कहा कि इन दिनों राज्य का विंटर टूरिज्म लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। सर्दियों में औली, मुनस्यारी, दयारा बुग्याल और चोपता जैसे पर्यटन स्थल तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ सप्ताह पूर्व पिथौरागढ़ जिले के 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित आदि कैलाश क्षेत्र में राज्य की पहली हाई ऑल्टीट्यूट अल्ट्रा रन मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें देश के 18 राज्यों से 750 से अधिक एथलीटों ने भाग लिया। 60 किलोमीटर लंबी आदि कैलाश परिक्रमा रन कड़ाके की ठंड में सुबह पांच बजे शुरू हुई, लेकिन प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तीन वर्ष पूर्व तक आदि कैलाश में प्रतिवर्ष केवल 2 हजार यात्री आते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 30 हजार तक पहुंच गई है, जो उत्तराखंड में पर्यटन के तीव्र विकास का प्रमाण है।

उन्होंने उत्तराखंड में होने वाले आगामी विंटर गेम्स की भी सराहना करते हुए कहा कि देशभर से खिलाड़ी, एडवेंचर प्रेमी और खेल जगत से जुड़े लोग इसमें भाग लेने के लिए उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड सरकार ने विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे पर विशेष फोकस किया है, साथ ही होम-स्टे के लिए नई नीति भी लागू की गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड को डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में उभरता हुआ राज्य बताते हुए कहा कि सर्दियों की सुनहरी धूप, पहाड़ों से उतरता कोहरा और गंगा किनारे की प्राकृतिक सुंदरता आज देश-विदेश के लोगों को आकर्षित कर रही है। गंगा तट पर अब लगातार डेस्टिनेशन वेडिंग का आयोजन हो रहा है।

उन्होंने देशवासियों से अपील की कि यदि वे सर्दियों में अपने परिवार के साथ कहीं घूमने का मन बना रहे हैं तो हिमालय की वादियों को अपनी प्राथमिकता में जरूर शामिल करें, क्योंकि यहां का अनुभव जीवनभर की अविस्मरणीय अनुभूतियां देता है।

पीएम के दौरों से बढ़ा उत्तराखंड का पर्यटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड आगमन से हर बार राज्य के पर्यटन को नई गति मिली है। वे अब तक केदारनाथ, बद्रीनाथ, आदि कैलाश और जागेश्वर धाम के दर्शन कर चुके हैं, जिसके बाद इन तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है।

गत वर्ष प्रधानमंत्री द्वारा उत्तरकाशी के मुखबा गांव से शीतकालीन पर्यटन के शुभारंभ के बाद हर्षिल घाटी में भी पर्यटन गतिविधियों में उल्लेखनीय तेजी आई है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित हुए हैं।

धामी सरकार के कार्यों पर पीएम की मुहर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। गत वर्ष से राज्य में शीतकालीन यात्रा का संचालन किया जा रहा है। साथ ही डेस्टिनेशन वेडिंग को भी रणनीतिक रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राज्य सरकार के प्रयासों की खुले मंच से प्रशंसा किए जाने को धामी सरकार के कार्यों पर सकारात्मक मुहर के रूप में देखा जा रहा है।

Exit mobile version