दुबई एयर शो में बड़ा हादसा: भारतीय तेजस विमान क्रैश, पायलट की मौत; कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश

 

 

 

दुबई: दुबई एयर शो में गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया जब एक भारतीय एचएएल तेजस लड़ाकू विमान हवाई प्रदर्शन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक क्रैश हुआ विमान भारत में निर्मित स्वदेशी HAL Tejas है। यह हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर हुआ।

दुर्घटना के तुरंत बाद आसमान में आग का बड़ा गुबार और धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कई बच्चों सहित भीड़ को तुरंत सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया। आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गईं। फिलहाल हादसे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

पायलट की मौत की पुष्टि

भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि इस हादसे में तेजस विमान के पायलट की मौत हो गई। वायुसेना ने कहा—

“आज दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना का तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में पायलट की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई। भारतीय वायुसेना इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करती है और शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है।”

कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित

IAF ने बताया कि घटना के कारणों की जांच के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दी गई है, जो पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी।

तेजस—भारत का अत्याधुनिक फाइटर जेट

HAL द्वारा निर्मित तेजस एक 4.5-जनरेशन का मल्टी-रोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है, जो एयर डिफेंस, आक्रामक हवाई हमले, और क्लोज कॉम्बैट मिशन जैसे कई महत्वपूर्ण अभियानों को अंजाम देने में सक्षम है।

अपने वजन और आकार के लिहाज़ से यह दुनिया के सबसे छोटे और हल्के फाइटर जेट्स में गिना जाता है। इसकी डिजाइन इसे भूमि आधारित और नौसैनिक—दोनों प्रकार के अभियानों के लिए उपयुक्त बनाती है।

(Visited 779 times, 1 visits today)