देहरादून: भाजपा ने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे चुनावी दावों को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें हकीकत से कोसों दूर मुंगेरीलाल के हसीन सपने बताया है। मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि देश की जनता पीएम मोदी और उत्तराखंड की जनता सीएम धामी के नेतृत्व में विकसित उत्तराखंड की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। इसका प्रमाण अभी हाल के बिहार चुनाव परिणामों से भी स्पष्ट है, जिसमें जनता ने कांग्रेस के दावों को सिरे से नकार दिया।
कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने कहा कि नई टीम बनने के बाद भी कांग्रेस नेता बिना आधार और सबूत के मिथ्या बयान देते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की चुनाव प्रक्रिया बूथ से प्रदेश स्तर तक बिल्कुल पारदर्शी रही, जहां कहीं कोई विरोध नहीं हुआ।
इसके विपरीत कांग्रेस में आधे जिलाध्यक्ष भी घोषित नहीं हुए हैं और जो बने हैं, उनमें लगातार इस्तीफे, विरोध प्रदर्शन और असंतोष की खबरें आ रही हैं। नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी के दौरान हुई आपसी बयानबाज़ी भी संगठन की स्थिति खुद बयां करती है। जोशी ने कटाक्ष किया कि शीशे के घर में रहने वालों को दूसरों पर पत्थर नहीं उछालने चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं के 2027 की चुनावी जीत के दावों पर तंज कसते हुए कहा कि उनके नेता मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं। कांग्रेस की राजनीति तुष्टिकरण, नकारात्मकता और बहुसंख्यक समाज की आवाज दबाने पर आधारित है, जिसके चलते उनकी जीत के दावे जमीनी हकीकत से बहुत दूर हैं।
जोशी ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद दस वर्षों तक कांग्रेस ने केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर सत्ता में रहकर कोई ठोस काम नहीं किया, बल्कि राज्य को अपने हाल पर छोड़ दिया। 2012 में कांग्रेस की जीत भी जनता के भरोसे की नहीं, बल्कि सिर्फ एक सीट से भाजपा दोबारा सत्ता में नहीं आ पाई, इस वजह से हुई।
उन्होंने कहा कि जनता ने 2017 में 57 सीटें और 2022 में 47 सीटें देकर भाजपा पर पूरा भरोसा जताया है। जोशी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के झूठे वादों के जाल में नहीं फंसने वाली, और भविष्य में भी जनता को देश में पीएम मोदी और प्रदेश में सीएम धामी का नेतृत्व ही चाहिए।

