मुख्यमंत्री घोषणाओं की रफ्तार तेज करें: मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने दिए सख्त निर्देश

 

 

 

TMP: मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी, गतिमान और अभी तक प्रारंभ न हो सकी घोषणाओं का पृथक-पृथक विवरण प्रस्तुत किया जाए।

मुख्य सचिव ने गतिमान घोषणाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति का अपडेट तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं, जिन घोषणाओं को किसी विशेष कारणवश प्रारंभ नहीं किया जा सका है, उनका विवरण सात दिवस के भीतर कारण सहित प्रस्तुत करने को कहा।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और राज्य स्थापना दिवस पर की गई घोषणाओं को उच्च प्राथमिकता में लेते हुए अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन घोषणाओं पर कोई बाधा नहीं है, उनके प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किए जाएं।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि जिन घोषणाओं में समस्या है, उनका निस्तारण पहले विभागीय सचिव स्तर पर किया जाए, और यदि वहां समाधान न हो तो प्रकरण उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाए।

उन्होंने सचिव एस.एन. पांडेय को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की प्रभावी निगरानी के लिए एक मजबूत तंत्र तैयार करें तथा जिन विभागों की प्रगति धीमी है, उन्हें नियमित रूप से अवगत कराते हुए रफ्तार बढ़ाई जाए।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री की कुल 3575 घोषणाओं में से 2215 पूर्ण, 777 गतिमान और 583 घोषणाएं अपूर्ण हैं।

बैठक में अपर सचिव नवनीत पांडेय, जगदीश कांडपाल, उपसचिव हीरा सिंह बसेड़ा, आर.सी. शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

(Visited 310 times, 1 visits today)