देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को देहरादून पहुंच गए। प्रधानमंत्री यहां 8260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही रजत जयंती वर्ष पर एक स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे और एफआरआइ में आयोजित समारोह में जनसमूह को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी विशेष विमान से जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, विधायक विनोद कंडारी, विधायक किशोर उपाध्याय और मुख्य सचिव आनंद वर्धन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
राजधानी दून में प्रधानमंत्री के स्वागत और राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह को लेकर त्योहार जैसा माहौल है। शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थल एफआरआइ के आसपास सफाई, सजावट और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। नगर निगम ने पूरे शहर को रोशनी और फूलों से सजाया है, जिससे राजधानी का स्वरूप निखर उठा है।
एफआरआइ में आयोजित मुख्य समारोह में भीड़ का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अनुमान के अनुसार 75 हजार से अधिक लोग समारोह स्थल पर पहुंच चुके हैं, जबकि सड़कों पर अब भी भीड़ का रेला जारी है। पुलिस और प्रशासन के अनुसार, उपस्थित जनसंख्या एक लाख के करीब पहुंचने की संभावना है।
राज्य की रजत जयंती को यादगार बनाने के लिए एफआरआइ में विशेष मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रधानमंत्री के संबोधन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देहरादून इस ऐतिहासिक दिन का गवाह बन रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार राज्य स्थापना दिवस के मौके पर उत्तराखंड पहुंचे हैं।

