देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों के प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर बलिदानियों को नमन किया और पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और शहीद आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कचहरी परिसर और पुलिस लाइन में आंदोलनकारियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि यह देवभूमि के लाखों लोगों के त्याग, संघर्ष और तप का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा जैसी घटनाएं हमारे इतिहास के अमर अध्याय हैं, जिन्होंने राज्य निर्माण की नींव रखी।
उन्होंने कहा, “राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और आगे भी देती रहेगी। यह पेंशन या सुविधा नहीं, बल्कि हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है।”
मुख्यमंत्री की घोषणाएं
1️⃣ शहीद आंदोलनकारियों के नाम पर उनके क्षेत्र की प्रमुख अवस्थापना सुविधाओं का नामकरण किया जाएगा।
2️⃣ जेल गए या घायल आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6,000 से बढ़ाकर ₹7,000 प्रतिमाह की जाएगी।
3️⃣ अन्य श्रेणी के आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4,500 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रतिमाह की जाएगी।
4️⃣ विकलांग होकर शय्याग्रस्त हुए आंदोलनकारियों की पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह की जाएगी, साथ ही मेडिकल अटेंडेंट की व्यवस्था भी होगी।
5️⃣ शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रतिमाह की जाएगी।
6️⃣ वर्ष 2021 तक लंबित राज्य आंदोलनकारी चिन्हीकरण आवेदन पत्रों के निस्तारण हेतु छह माह का समय विस्तार प्रदान किया गया।
7️⃣ राज्य के सभी शहीद स्मारकों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलन की भावना को हर नीति और निर्णय में स्थान देती रहेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि राज्य स्थापना दिवस पर अपने घरों में पांच दीपक राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में जलाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का लक्ष्य राज्य आंदोलन की भावना से ही संभव है। उन्होंने सभी से इस प्रयास में सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, उपाध्यक्ष राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद सुभाष बड़थ्वाल, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और उनके परिजन उपस्थित रहे।
