TMP : देहरादून की चकराता रोड सोमवार को एक अलग ही रौनक में नजर आई। दीपावली की तैयारी में सजे दुकानों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे और स्थानीय कुम्हारों व हस्तशिल्पकारों से मिट्टी के दीये, बर्तन और पारंपरिक स्वदेशी सामान खरीदे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कारीगरों से बातचीत कर उन्हें अपनी कला को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
दीपावली की खरीदारी के दौरान मुख्यमंत्री ने डिजिटल भुगतान (UPI) से सामान खरीदा और जनता से भी आग्रह किया कि वे इस त्योहार पर स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि छोटे व्यवसायियों और कारीगरों से की गई हर खरीद न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बनाती है, बल्कि देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करती है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा —
“दीपावली का पर्व केवल रोशनी का नहीं, बल्कि समृद्धि और स्वदेशी गर्व का प्रतीक है। हमें अपने देश के कारीगरों को प्रोत्साहित कर ‘वोकल फॉर लोकल’ को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।”
खरीददारी करते हुए , मुख्यमंत्री ने दुकानदारों से व्यक्तिगत बातचीत भी की। व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष जीएसटी दरों में राहत के कारण बिक्री में वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने इस सकारात्मक बदलाव पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की सफलता का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की —
“इस दीपावली अपने घरों को स्वदेशी मिट्टी के दीयों से रोशन करें और भारतीय परंपरा व संस्कृति की खुशबू को अपने उत्सवों का हिस्सा बनाएं।”
चकराता रोड पर मुख्यमंत्री की इस पहल से स्थानीय व्यापारियों और कुम्हारों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

