Site icon The Mountain People

 मुख्यमंत्री धामी ने ₹1.60 करोड़ की ‘वे साइड एमिनिटी’ परियोजना का शिलान्यास किया

 

 

 

 

चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के अमोड़ी में लगभग ₹1.60 करोड़ की लागत से बनने वाली “वे साइड एमिनिटी (Way Side Amenities)” परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। यह परियोजना मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत ग्राम उत्थान परियोजना (REAP) और उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन एवं विपणन बोर्ड, रुद्रपुर के सहयोग से स्थापित की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह परियोजना ‘आदर्श चम्पावत’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह न केवल क्षेत्र के पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ करेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। उन्होंने कहा, “इस प्रकार की परियोजनाएँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगी।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वे साइड एमिनिटी कॉम्प्लेक्स में आने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए आरामदायक विश्राम स्थल, स्वच्छ और आधुनिक शौचालय, जलपान एवं कैफेटेरिया, साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प, कृषि और वन उत्पादों के बिक्री केंद्र जैसी सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही वाहन पार्किंग, हरित क्षेत्र (ग्रीन जोन) और सूचना केंद्र भी प्रस्तावित हैं।

धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य चम्पावत को विकास का मॉडल जनपद बनाना है, जहाँ पर्यटन, कृषि, बुनियादी ढाँचा और स्थानीय उद्यमिता मिलकर प्रदेश के लिए आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर बल दे रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड सरकार ने ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे, जैविक उत्पाद और पारंपरिक हस्तकला को प्रोत्साहन देने के लिए अनेक योजनाएँ लागू की हैं। उन्होंने कहा, “इस तरह की परियोजनाएँ न केवल पर्यटन विकास को नई दिशा देंगी, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का मार्ग भी प्रशस्त करेंगी।”

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा, “राज्य सरकार जनता के सहयोग से चम्पावत को सर्वांगीण विकास का केंद्र बनाने के लिए संकल्पित है। जनभागीदारी से ही विकास की परिकल्पना साकार हो सकती है।”

Exit mobile version