देहरादून: गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय ने शुक्रवार को आपदा प्रभावित मालदेवता–केसरवाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। हाल ही में नदी में आई बाढ़ से यहां सड़क का एक हिस्सा बह गया था, जिससे मालदेवता क्षेत्र का रायपुर से सीधा संपर्क टूट गया था।
युद्धस्तर पर हुए पुनर्निर्माण कार्य के बाद शुक्रवार सुबह यहां अस्थायी सड़क का निर्माण पूरा कर यातायात के लिए खोल दिया गया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्थायी सड़क को और सुविधाजनक बनाया जाए तथा बरसात के बाद स्थायी सड़क का निर्माण तेजी से शुरू किया जाए। साथ ही सड़क को बाढ़ से बचाने के उपाय भी करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विभागों ने दिन-रात काम कर केवल दो दिन में अस्थायी सड़क तैयार की। इससे रायपुर के दूरस्थ गांवों के साथ-साथ टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र के लोगों को भी बड़ी राहत मिली है। विधायक ने इसके लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम में रात के समय इस मार्ग से आवाजाही से बचें। विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थायी सड़क का निर्माण कर यातायात पूर्व की तरह पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा।

