देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड के चारों धाम — बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री — सहित प्रमुख तीर्थ स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। सभी तीर्थ पुरोहितों ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु जीवन और देश-प्रदेश के कल्याण के लिए भगवान से विशेष प्रार्थना की।
बद्रीनाथ धाम में बीकेटीसी पदाधिकारियों की उपस्थिति में हवन संपन्न हुआ, जिसमें भगवान बद्री विशाल से प्रधानमंत्री के लिए मंगल कामना की गई। केदारनाथ में महारुद्राभिषेक का आयोजन कर बाबा केदार से प्रधानमंत्री की भलाई के लिए प्रार्थना की गई। गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में भी विशेष पूजा-अर्चना आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों एवं तीर्थ यात्रियों ने भाग लिया।
तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत प्रयासों से चार धामों के पुनर्निर्माण व विकास में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का वैश्विक मान सम्मान बढ़ा है और देश विश्व को नेतृत्व प्रदान करने की स्थिति में पहुंचा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा,
“भगवान बद्री विशाल उन्हें दीर्घायु व स्वस्थ जीवन प्रदान करें।” उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के अन्य तीर्थ स्थलों पर भी स्वतःस्फूर्त तरीके से विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई।
स्वयं जनता की श्रद्धा और आस्था से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आदर और सम्मान का यह अनूठा उत्सव प्रदेशवासियों के मन में उनके प्रति गहरा स्नेह प्रकट करता है।

