Site icon The Mountain People

सहस्रधारा में देर रात बादल फटा, कई होटल-दुकानों को नुकसान, 12वीं तक के स्कूलों में आज छुट्टी की घोषणा

देहरादून: उत्तराखंड में मौसमी तबाही रूकने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार देर रात देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में बादल फटने से बड़ी तबाही की खबर है। मुख्य बाजार में मलबा आने से दो से तीन बड़े होटल और 8 से दस दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। 100 से ज्यादा लोग फंस गए थे जिन्हें बचाव दल ने सुरक्षित बचा लिया है। कुछ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने 12 वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में आज भी भारी बारिश की संभावना है।

घटना के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें त्वरित रूप से मौके पर पहुंचीं और रात में ही स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। राहत व बचाव कार्य के लिए जेसीबी समेत भारी उपकरण मौके पर लगाए गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। लापता दोनों व्यक्तियों की खोजबीन युद्धस्तर पर की जा रही है। उधर, आईटी पार्क के पास भी बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इससे सॉन्ग नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क किया है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा है। रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि घटना रात करीब साढ़े 12 से एक बजे के बीच की है जब आईटी पार्क के पास अचानक मलबा आ गया। दूसरी तरफ पूरे देहरादून में अलर्ट जारी किया गया है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पानी वाले स्थानों पर जाने से रोका जा रहा है।

Exit mobile version