उत्तराखंड को पर्यटन क्षेत्र में मिला गोल्डन बैन्यान अवार्ड: ऋषिकेश गंगा आरती और चारधाम यात्रा को विशेष सम्मान 

 

 

 

नई दिल्ली: उत्तराखंड पर्यटन ने फिर एक बार देश-विदेश में अपनी पहचान बनाई है। द वीक मैगज़ीन द्वारा आयोजित भव्य हेरिटेज अवार्ड समारोह में उत्तराखंड को दो प्रतिष्ठित गोल्डन बैन्यान अवार्ड (Golden Banyan Awards) से नवाजा गया।

यह सम्मान केंद्रीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा प्रदान किया गया, जबकि राज्य की ओर से पुरस्कार प्राप्त किए पर्यटन निदेशक दीपक खंडूरी ने।

विशेष उपलब्धियाँ

ऋषिकेश की विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती को ‘रिवरसाइड हेरिटेज टूरिज्म’ श्रेणी में सम्मानित किया गया, जो आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत का अनुपम संगम प्रस्तुत करती है। वहीं, उत्तराखंड की अति प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को ‘बेस्ट टूरिस्ट सर्किट/ट्रेल’ के लिए गोल्डन बैन्यान अवार्ड से सम्मानित किया गया, जो धार्मिक पर्यटन को नई ऊँचाइयों पर ले जा रहा है।

पर्यटन निदेशक श्री दीपक खंडूरी ने कहा – “यह उपलब्धि उत्तराखंड में धार्मिक, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट विकास का प्रतीक है। हमें गर्व है कि हमारी परंपराएं आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित हो रही हैं।”

उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने यह पुरस्कार प्रदेशवासियों, पर्यटकों और सभी साझेदारों को समर्पित करते हुए भविष्य में और भी नए आयाम छूने का संकल्प लिया।

(Visited 3,120 times, 1 visits today)