Site icon The Mountain People

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार संध्या को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया।

             CM ने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से संवाद कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का हाल जाना और अस्पताल में दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के लिए भी पर्याप्त सुविधा सुनिश्चित की जाए, जैसे पेयजल, पंखे, बैठने की व्यवस्था आदि। उन्होंने यह भी कहा कि तीमारदार अस्पताल व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन और रंग-रोगन की व्यवस्था पर तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए।

“अस्पताल केवल उपचार का स्थान नहीं, बल्कि मानसिक और शारीरिक सहारा देने की जगह भी है,” मुख्यमंत्री ने कहा

मुख्यमंत्री धामी ने ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रक्रिया, तकनीकी संसाधनों की कार्यकुशलता की सराहना की और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, उन्होंने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का भी जायजा लिया। उन्होंने हेल्प डेस्क कर्मचारियों से योजना की कार्यप्रणाली, लाभार्थियों को मिल रही सहायता, कार्ड निर्माण प्रक्रिया व क्लेम की स्थिति को समझा। लाभार्थियों से बातचीत कर उन्होंने उनकी समस्याओं और अनुभवों को भी जाना।

मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अटल आयुष्मान योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। सरल,त्वरित और पारदर्शी सेवा सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है।

Exit mobile version