TMP: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर उत्तराखण्ड में विमानन क्षेत्र के विकास, पर्यटन को गति देने व नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर रात्रिकालीन हवाई सेवा शुरू करने का अनुरोध किया ताकि यात्री सेवा सुगम हो सके। साथ ही उन्होंने गौचर (चमोली) व चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों को छोटे विमानों के लिए विकसित करने, चारधाम यात्रा हेतु हेलीकॉप्टर सेवा पुनः प्रारंभ करने, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को शीघ्र पूरा करने और दिल्ली-पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा प्रारंभ करने का भी अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री व केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि इन कदमों से उत्तराखण्ड का पर्यटन व नागरिक आवागमन और अधिक सशक्त होगा।

