Site icon The Mountain People

मुख्यमंत्री का सख्त संदेश: “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” के लिए बनेगा व्यापक एक्शन प्लान, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

 

 

 

 

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान” को बड़े स्तर पर संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को और सशक्त बनाया जाए। जरूरत पड़ने पर इसमें नए पद भी सृजित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस–1933’ का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आमजन सीधे शिकायत दर्ज करा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग मिलकर कार्यशालाओं का आयोजन करें और ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर उस पर अमल करें।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य की सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी सतर्कता बरती जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बाहरी राज्यों से नशे की सप्लाई न हो पाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्रग्स की तस्करी में शामिल पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना जरूरी है। उन्होंने प्रदेश में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए शहरी विकास विभाग को नोडल विभाग नामित करते हुए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा।

 

Exit mobile version