देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 अगस्त से लेकर 1 सितम्बर तक राज्यभर में लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पहाड़ से लेकर मैदान तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
27 अगस्त 2025
▪️ राज्य के पहाड़ी जिलों के कई स्थानों और मैदानी जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक।
28 अगस्त 2025
▪️ पहाड़ी जिलों के अधिकांश क्षेत्रों और मैदानी जिलों के कई इलाकों में बारिश की संभावना।
29 अगस्त से 1 सितम्बर 2025 तक
▪️ प्रदेश के सभी जिलों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन, मलबा आने और मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका बनी रहेगी। वहीं मैदानी जिलों में जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
प्रदेश सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
बारिश से जहाँ लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति देखते हुए ही सफर करने की सलाह दी गई है।

