पौड़ी: पौड़ी कोतवाली क्षेत्र के युवक जितेंद्र कुमार की आत्महत्या प्रकरण में प्रशासन और सरकार सक्रिय हो गई है। जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया और एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने आज मृतक के परिजनों से मुलाकात कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी फोन पर परिजनों से गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस को गहन और त्वरित जांच के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि आत्महत्या से पूर्व जितेंद्र कुमार ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कुछ व्यक्तियों पर रुपये ठगने के गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमांशु चमोली समेत पांच लोगों को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है।

