गैरसैंण (भराड़ीसैंण): मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भराड़ीसैंण में भेंट की। उन्होंने भराड़ीसैंण से सारकोट तक सड़क स्वीकृति और कार्य प्रारंभ होने के साथ ही पूर्व में गांव में हुए विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने इस अवसर पर गांव में जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु सोलर फेंसिंग, आंतरिक मार्गों के सुदृढ़ीकरण, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने, गांव के रास्तों पर सोलर लाइट लगाने तथा निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण में बाल रोग और महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति जैसी प्रमुख मांगें रखीं।
मुख्यमंत्री धामी ने ग्राम प्रधान को बधाई देते हुए कहा कि अवगत कराई गई समस्याओं का उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी दे दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारकोट भविष्य में अन्य गांवों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनेगा।

