भराड़ीसैंण :विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थराली की पूर्व विधायक स्व. मुन्नी देवी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मुन्नी देवी में हमेशा जनसेवा की ललक और जनता से सीधे जुड़ने का जज्बा दिखा। उन्होंने वर्ष 2021 में नारायणबगड़ के डुंगरी गांव में आई आपदा का उल्लेख करते हुए बताया कि खराब स्वास्थ्य के बावजूद मुन्नी देवी पीड़ितों के बीच मौजूद थीं। सीएम धामी ने याद किया कि जब वह और धन सिंह रावत डुंगरी गांव पैदल पहुंचे तो मुन्नी देवी उन्हें रिसीव करने आधे रास्ते तक आ गई थीं।
सीएम ने कहा कि हाल ही में जब उनके निधन की खबर मिली, वह धराली के आपदा प्रभावित क्षेत्र में थे। कुछ दिन पहले ही वह अस्पताल में उनसे मिलने गए थे। उस समय भी उनके चेहरे पर शांति और तेज था और वह अपने क्षेत्र की जनता की चिंता कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि स्व. मुन्नी देवी ने जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली और थराली विधायक रहते हुए जनसेवा, महिलाओं के उत्थान, शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके निधन से राजनीति में जो खालीपन आया है, उसे भरा नहीं जा सकेगा।

