देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल एवं बेतालघाट में हाल ही में घटित घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमाऊँ मंडल आयुक्त से इन घटनाओं की विस्तृत मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी। आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं कि वह पूरी जांच रिपोर्ट पंद्रह दिन के भीतर शासन को उपलब्ध कराएं।
त्वरित प्रशासनिक कदम
घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल स्तर पर प्रशासनिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की है।
-
बेतालघाट फायरिंग सहित घटनाओं के मद्देनज़र भवाली के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) का स्थानांतरण जनपद से बाहर किया जाएगा।
-
थानाध्यक्ष तल्लीताल को भी जनपद नैनीताल से बाहर स्थानांतरित किया जाएगा।
CBCID करेगी जांच
सीएम धामी ने यह भी घोषणा की कि नैनीताल एवं भवाली में हुई घटनाओं से संबंधित सभी प्राथमिकी की जांच अब सीबीसीआईडी को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश की शांति और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना सर्वोपरि है और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
