चम्पावत : विकास भवन, चम्पावत में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा सोमवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं विभागीय कार्मिकों को भारतीय मानकों (आईएस स्टैंडर्ड्स) की जानकारी देना तथा सरकारी कार्यों में गुणवत्ता एवं सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु बीआईएस मानकों के अनुपालन को बढ़ावा देना था।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में संपन्न इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों को भवन निर्माण, सड़क निर्माण, खाद्य सुरक्षा, जल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य सार्वजनिक हित से जुड़े क्षेत्रों में बीआईएस मानकों की आवश्यकता और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, बीआईएस के निदेशक सौरभ तिवारी ने सभी विभागों से आग्रह किया कि वे विभागीय क्रय प्रक्रियाओं में आईएसआई मार्क युक्त उत्पादों को प्राथमिकता दें, जिससे गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि बीआईएस विभिन्न सरकारी विभागों के साथ मिलकर मानकों की जानकारी और अनुपालन हेतु समय-समय पर कार्यशालाओं का आयोजन करता है।
कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक सहित अनेक विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को उनके विभागीय कार्यों से संबंधित बीआईएस मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने विभागों में इन मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया।
भारतीय मानक ब्यूरो की इस पहल से जनपद चम्पावत में मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, जिससे सरकारी कार्यों में गुणवत्ता एवं सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति संभव होगी।

