TMP: वैश्विक आर्थिक-कूटनीतिक उथल-पुथल के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले से देश को ‘समृद्ध भारत’ का लक्ष्य साधने का आह्वान किया। आत्मनिर्भरता को विकसित भारत का मूल मंत्र बताते हुए उन्होंने सेमीकंडक्टर निर्माण, लड़ाकू जेट इंजन, इलेक्ट्रिक वाहन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में भारत को अग्रणी बनाने का रोडमैप पेश किया।
पीएम ने ‘सुदर्शन चक्र’ सुरक्षा कवच के जरिए सभी प्रमुख प्रतिष्ठानों को हवाई खतरों से बचाने की घोषणा की। उन्होंने किसानों-मछुआरों के हितों से समझौता न करने की प्रतिबद्धता दोहराई और पूर्वी भारत में अवैध विदेशी घुसपैठ रोकने के लिए उच्च-स्तरीय जनसांख्यिकी मिशन का ऐलान किया।
प्रधानमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:
-
मेड इन इंडिया चिप: इस वर्ष के अंत तक देश में पहली स्वदेशी चिप का निर्माण शुरू।
-
परमाणु ऊर्जा विस्तार: 2047 तक क्षमता में 10 गुना वृद्धि, 10 नए रिएक्टर पर काम जारी।
-
जीएसटी सुधार: दिवाली तक आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स में कमी और एमएसएमई को राहत।
-
10 ट्रिलियन डॉलर टास्क फोर्स: लालफीताशाही कम करने व आर्थिक विकास तेज करने के लिए।
-
पीएम विकसित भारत रोजगार योजना: 3 करोड़ युवाओं को ₹15,000 मासिक सहायता।
-
ऊर्जा स्वतंत्रता: राष्ट्रीय डीपवाटर अन्वेषण मिशन और नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार।
-
जेट इंजन निर्माण: स्वदेशी उत्पादन को मिशन मोड में लाने की घोषणा।
पाकिस्तान के परमाणु धमकी वाले बयानों पर सख्त प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब “न्यूक्लियर ब्लैकमेल” बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवाद के खिलाफ ‘न्यू नॉर्मल’ बताते हुए चेतावनी दी कि आतंक और आतंकी को पालने वालों में अब कोई फर्क नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि जिस तरह “स्वतंत्र भारत” का सपना साकार हुआ, उसी तरह सामूहिक संकल्प और मेहनत से “समृद्ध भारत” का लक्ष्य भी जल्द हासिल किया जा सकता है।

