विभाजन की पीड़ा को भूलना नहीं, सीख बनाना है: काशीपुर से CM धामी का संदेश
The Mountain People
काशीपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर काशीपुर में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से प्रतिभाग कर विभाजन स्मृति स्मारक स्थल का शिलान्यास किया। उन्होंने 14 अगस्त 1947 की त्रासदी को याद करते हुए कहा कि यह केवल भूभाग का बंटवारा नहीं था, बल्कि लाखों लोगों की जिंदगियों, घरों और सांस्कृतिक पहचान का भी विभाजन था।
सीएम धामी ने विभाजन के दौरान शरणार्थी बने करोड़ों लोगों के अकल्पनीय दर्द, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के रूप में मनाना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विभाजन पीड़ितों की दृढ़ आस्था और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया—अयोध्या श्रीराम मंदिर, बद्रीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण, बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक, करतारपुर साहिब कॉरिडोर जैसे कार्यों को सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया। साथ ही धारा 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक का अंत, सीएए और वक्फ संशोधन कानून, तथा 1984 दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने जैसे फैसलों को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
राज्य स्तर पर उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून से 24 हजार युवाओं को रोजगार, धर्मांतरण और दंगा विरोधी कानून, सात हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, मानसखंड कॉरिडोर और हेमकुंड रोपवे निर्माण जैसे कार्यों को गिनाया।