Site icon The Mountain People

भारी बारिश के बीच तीन दिन के लिए बंद केदारनाथ यात्रा, सोनप्रयाग में पुलिस-यात्रियों के बीच नोकझोंक का वीडियो वायरल

 

 

 

रुद्रप्रयाग: जिला प्रशासन ने भारी से भारी बारिश के अलर्ट के चलते 12 अगस्त से तीन दिनों के लिए केदारनाथ धाम यात्रा रोक दी है। इस निर्णय के बाद पुलिस यात्रियों को जवाड़ी चौकी से आगे न बढ़ने की अपील कर रही है और सोनप्रयाग पर सख्त बैरिकेडिंग लगाई गई है।

बैरिकेड तोड़ने की कोशिश, वायरल हुआ वीडियो

हालांकि, कुछ यात्रियों ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर बैरियर तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और यात्रियों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

चोरी-छिपे पहुंचे यात्री

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि लगातार बारिश और घने कोहरे के कारण यात्रा मार्ग बेहद जोखिमभरा है। सुरक्षा के मद्देनज़र यात्रियों को जगह-जगह रोका जा रहा है, लेकिन कुछ लोग स्थानीय वाहनों—जैसे बस और मैक्स—का उपयोग कर चोरी-छिपे सोनप्रयाग तक पहुंच रहे हैं

आज सुबह भी करीब 100-150 यात्री इस तरह सोनप्रयाग पहुंचे और आगे जाने की ज़िद में पुलिस से नोकझोंक की। पुलिस ने सख्ती से इन्हें आगे बढ़ने से रोका।

सुरक्षा प्राथमिकता, मौसम सुधरने का इंतजार

SP कोंडे ने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार की कोई अनहोनी नहीं हुई है। यात्रा फिलहाल पूरी तरह बंद है और मौसम खुलते ही धाम में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा

Exit mobile version