Site icon The Mountain People

“धराली आपदा के बीच रक्षाबंधन पर बहन ने बांधी CM धामी को राखी, भावुक पल ने नम कर दीं आंखें”

 

 

 

TMP : उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा के बीच शुक्रवार को एक ऐसा मानवीय दृश्य सामने आया, जिसने राहत और बचाव कार्यों की थकान के बीच सभी की आंखें नम कर दीं। गंगोत्री दर्शन के लिए आई गुजरात की महिला श्रद्धालु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राखी बांधकर अपना आभार जताया।

5 अगस्त की भीषण आपदा में गुजरात के अहमदाबाद के ईशनपुर निवासी धनगौरी बरौलिया अपने परिवार के साथ धराली में फंस गई थीं। मार्ग अवरुद्ध होने और लगातार मलबा आने से हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए थे।

प्रदेश सरकार के त्वरित निर्देशों पर रेस्क्यू टीमों ने अथक प्रयास कर उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षित निकाला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तीन दिनों से लगातार क्षेत्र में रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे थे।

रक्षाबंधन से एक दिन पहले, प्रभावित क्षेत्र में मौजूद मुख्यमंत्री को देखकर धनगौरी बरौलिया भावुक हो उठीं। उन्होंने अपने दुपट्टे का एक टुकड़ा फाड़कर उसे राखी के रूप में मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधा। इस क्षण ने वहां मौजूद सभी लोगों को गहराई से छू लिया।

मुख्यमंत्री ने इस भावनात्मक पहल को विनम्रता से स्वीकार करते हुए कहा— “प्रदेश सरकार आपदा की इस घड़ी में हर प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है। राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं।”

धराली जैसे दुर्गम इलाके में यह मानवीय संवेदना का पल आपदा के बीच आशा, विश्वास और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बन गया।

Exit mobile version