देहरादून: बागेश्वर जनपद में एक मासूम बच्चे की चिकित्सा में लापरवाही से हुई दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है।
अब तक प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती गई है। इस अत्यंत संवेदनशील मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री ने कुमाऊं आयुक्त को तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है, तो दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के जीवन और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है, और इस दिशा में कोई कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

