देहरादून: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज 40 विकासखंडों में संपन्न हो गया। सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चले इस मतदान में प्रदेशभर में उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल देखा गया। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, शाम 4 बजे तक 61.32% मतदान रिकॉर्ड किया गया।
राज्यभर के लगभग 21 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 14,761 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया। इस चरण में चार प्रमुख पदों पर मतदान हुआ:
-
ग्राम पंचायत सदस्य – 933 पद | 1998 प्रत्याशी
-
ग्राम प्रधान – 2726 पद | 7833 प्रत्याशी
-
क्षेत्र पंचायत सदस्य – 1225 पद | 4214 प्रत्याशी
-
जिला पंचायत सदस्य – 14 पद | 716 प्रत्याशी
जिलेवार मतदान प्रतिशत (शाम 4 बजे तक)
| जिला | मतदान प्रतिशत |
|---|---|
| उधमसिंह नगर | 76.69% |
| देहरादून | 67.08% |
| नैनीताल | 65.94% |
| उत्तरकाशी | 63.47% |
| चंपावत | 61.40% |
| चमोली | 56.66% |
| पिथौरागढ़ | 57.37% |
| पौड़ी गढ़वाल | 58.01% |
| टिहरी गढ़वाल | 54.51% |
| अल्मोड़ा | 52.11% |
चंपावत में स्ट्रांग रूम पहुंचीं पोलिंग पार्टियां
चंपावत जिले में मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियां स्ट्रांग रूम पहुंचने लगी हैं। प्राथमिक विद्यालय बाराकोट से पोलिंग पार्टियों की वापसी शुरू हुई। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी मतदान कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि मतपेटियों की सुरक्षित जमा सुनिश्चित की जाए।
शांतिपूर्ण रहा मतदान, लोकतंत्र का उत्सव बना पंचायत चुनाव
प्रशासन ने सभी जिलों में चाक-चौबंद सुरक्षा और प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था की थी। मतदान केंद्रों पर लोगों में सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उत्तराखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं की उल्लेखनीय भागीदारी और शांतिपूर्ण मतदान ने एक सशक्त लोकतंत्र की छवि प्रस्तुत की है। अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जिसमें यह तय होगा कि किसे जनता का विश्वास प्राप्त हुआ है।
