Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में स्टेट और नेशनल हाईवे बाधित, मौसम विभाग का अलर्ट—रुद्रप्रयाग-बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून इस समय लोगों के लिए राहत नहीं, बल्कि आफत बनकर बरस रहा है। लगातार हो रही रुक-रुक कर बारिश ने प्रदेशभर में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक सड़कें बंद हो रही हैं, नदियां उफान पर हैं और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

मौसम विभाग ने गुरुवार को एक बार फिर राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में आज कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, पर्वतीय जनपदों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

राजधानी देहरादून में भी आज दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। तापमान 24°C से 34°C के बीच रहने की संभावना है।

बारिश से चारधाम यात्रा भी प्रभावित हो रही है। जगह-जगह भूस्खलन और मार्गों के बाधित होने के चलते प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर ही आगे बढ़ने की अनुमति दे रहा है। इससे श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

पर्वतीय अंचलों में मार्ग बाधित होने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं और लोग जान जोखिम में डालकर उन्हें पार करते देखे जा रहे हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

हालांकि, इस बारिश से तापमान में गिरावट जरूर देखने को मिल रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। लेकिन सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से मौसम विभाग की चेतावनी को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Exit mobile version