PTI: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह सिगाची फार्मा प्लांट में हुए भीषण धमाके और आग ने पूरे राज्य को दहला दिया। हादसे में 34 कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें से 31 लोग मौके पर ही जिंदा जल गए, जबकि 3 ने अस्पताल में दम तोड़ा।
एसपी पारीतोष पंकज ने बताया कि कई घंटों की मशक्कत के बाद जब मलबा हटाया गया, तब दर्जनों शव जले हुए हाल में मलबे से बरामद हुए।
कैसे हुआ हादसा?
सोमवार सुबह कैमिकल रिएक्शन के दौरान रिएक्टर में तेज धमाका हुआ, जिसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को आग की लपटों में घेर लिया। कई कर्मचारी उस समय रिएक्टर के पास काम कर रहे थे। कुछ ने भागकर जान बचाई, लेकिन गंभीर रूप से झुलस गए।
फैक्ट्री में आग लगने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें काले धुएं का गुबार और आग की भीषण लपटें देखी जा सकती हैं।
https://x.com/PTI_News/status/1939571433258324296
मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा किया, जबकि स्वास्थ्य मंत्री सी दामोदर राजा नरसिम्हा ने मंगलवार सुबह हादसे की जानकारी साझा की। हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और डर का माहौल है।

