Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में पंचायत चुनाव का बिगुल बजा: दो चरणों में होगा मतदान, 66 हजार से ज्यादा पदों पर मतदान

 

 

TMP: उत्तराखंड में लोकतंत्र का महापर्व एक बार फिर दस्तक दे चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इस बार पंचायत चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे—पहले चरण का मतदान 24 जुलाई को और दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को होगा। मतगणना 31 जुलाई को की जाएगी।

इससे पहले 30 जून को सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने स्तर पर अधिसूचना जारी करेंगे। चुनाव की प्रक्रिया प्रदेश के 12 जिलों के 89 विकासखंडों और 7,499 ग्राम पंचायतों में आयोजित की जाएगी।

इन चुनावों में कुल 66,418 पदों के लिए मतदान होगा, जिनमें ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य शामिल हैं। 47 लाख से अधिक मतदाता इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

चुनाव आयोग ने सभी जिलाधिकारियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है, और प्रचार, सभा व जुलूसों पर नियमानुसार निगरानी रखी जाएगी।

प्रदेश भर में चुनावी सरगर्मियां चरम पर हैं। संभावित प्रत्याशी गांव-गांव जाकर जनसंपर्क में जुट गए हैं। आयोग भी मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चला रहा है।

इन पंचायत चुनावों के माध्यम से राज्य की लोकतांत्रिक जड़ों को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आयोग का लक्ष्य है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो।

Exit mobile version