देहरादून नगर निगम ने चालकों को दिए मोबाइल फोन, स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगा तकनीकी बल
The Mountain People
देहरादून: देहरादून नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक बड़ी तकनीकी पहल की है। अब डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सिर्फ एक सेवा नहीं, बल्कि एक डिजिटल और पारदर्शी सिस्टम में तब्दील होने जा रहा है। इसी उद्देश्य से बुधवार को निगम परिसर में एक कार्यक्रम के तहत कूड़ा संग्रहण वाहन चालकों को मोबाइल फोन वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल (IAS) की उपस्थिति रही। साथ ही वार्ड पार्षद अमित भंडारी, रमेश चंद्र गौर, महेन्द्र सिंह रावत और अन्य अधिकारीगण भी मौजूद थे।
सीधा संवाद, तेज समाधान
योजना के पहले चरण में 40 मोबाइल फोन 25 वार्डों के चालकों को दिए गए हैं। यह वितरण नगर निगम के अपने संसाधनों से किया गया है। आगामी चरणों में कुल 234 मोबाइल फोन वितरित कर 100 वार्डों को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य है –
वाहन चालकों, नागरिकों और पार्षदों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना,
शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना,
और स्वच्छता व्यवस्था को रीयल टाइम ट्रैकिंग और जवाबदेही के साथ मजबूत बनाना।
देहरादून बनेगा स्मार्ट और स्वच्छ शहर का आदर्श मॉडल
नगर आयुक्त नमामी बंसल ने बताया कि “यह तकनीकी नवाचार न केवल सिस्टम को मजबूत करेगा, बल्कि इसे प्रभावी, सक्रिय और जिम्मेदार भी बनाएगा।” महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम की इस पहल से शहरवासियों का विश्वास बढ़ेगा और समस्याओं का समाधान पहले से कहीं तेज़ होगा।
देहरादून नगर निगम की यह पहल दिखाती है कि अगर नवाचार और सेवा भावना एक साथ मिल जाएं, तो छोटी-छोटी व्यवस्थाएं भी स्मार्ट सॉल्यूशन में बदल सकती हैं। मोबाइल फोन के साथ अब सफाई कर्मचारी सिर्फ गाड़ियाँ नहीं, एक टेक-सक्षम बदलाव की दिशा भी चला रहे हैं।