Site icon The Mountain People

रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी ने महिलाओं का किया सम्मान, बनबसा के विकास के लिए की दो महत्वपूर्ण घोषणाएं

 

रक्षाबंधन समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुमंगलम बैंकट हॉल, बनबसा में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने नारी शक्ति का अभिनंदन करते हुए रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर और रक्षा धागा बांधकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा क्षेत्र के विकास के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बनबसा नगर पंचायत के अंतर्गत अत्यंत खराब मोटर मार्गों और नालियों का निर्माण किया जाएगा, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 10 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का निर्माण भी होगा।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित पिरूल, ऐपण, कढ़ाई, बुनाई, सूत, और अन्य स्थानीय उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालया’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की मांग विश्वभर में बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ शक्ति के संकल्प और प्रयासों से महिलाएं स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में अद्वितीय कार्य कर रही हैं।

धामी ने यह भी कहा कि प्रदेश का विकास मातृ शक्ति की भागीदारी के बिना संभव नहीं है, और महिलाओं द्वारा उत्पादित वस्तुओं को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी प्राथमिकता के साथ काम कर रही है। इसके लिए ग्रोथ सेंटरों की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के स्नेह और आशीर्वाद से ही आदर्श उत्तराखंड का निर्माण संभव हो पाएगा।

Exit mobile version