मोदी के 25 साल के नेतृत्व को धामी ने बताया ‘राष्ट्र प्रथम’ की मिसाल, उत्तराखंड में ₹2.25 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट

 

 

 

 

हरिद्वार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके नेतृत्व को राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण से जोड़ते हुए उत्तराखंड को मिले सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा देशहित को प्राथमिकता दी है। राज्य में करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनसे कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिल रही है।

हरिद्वार में सोमवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनके नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण अवसर है। इससे पहले मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

जनकल्याण की योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ: धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने अर्थव्यवस्था, रक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं को आगे बढ़ाया है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया है।

धामी ने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने युवाओं के लिए स्टार्टअप और कौशल विकास कार्यक्रमों तथा महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहलों को भी महत्वपूर्ण बताया।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में घरेलू उत्पादन और निर्यात को बढ़ावा देने से भारत की क्षमताएं मजबूत हुई हैं। उन्होंने वन रैंक, वन पेंशन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पूर्व सैनिकों को लाभ मिला है।

धामी ने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में हुए प्रयास देश की सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में सहायक हैं।

चारधाम यात्रा से सीमांत क्षेत्रों तक पर्यटन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के सहयोग से उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को गति मिली है। ऑल वेदर रोड से चारधाम यात्रा को सुविधाजनक बनाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 58 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों के पहुंचने का आंकड़ा सामने आया है।

धामी ने प्रधानमंत्री के आदि कैलाश दौरे को क्षेत्र में तीर्थाटन को प्रोत्साहन देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि हर्षिल क्षेत्र से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और माणा जैसे सीमांत गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में पहचान दिलाने से स्थानीय पर्यटन एवं आजीविका के नए अवसर विकसित करने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

आपदाओं के दौरान केंद्र से मिले सहयोग को सराहा

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग हादसे, धराली आपदा और सहस्रताल ट्रैक पर फंसे पर्यटकों के बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में केंद्र सरकार से सहयोग मिला।

उन्होंने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को भी अहम परियोजना बताया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इसके माध्यम से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई घंटे होने की उम्मीद है। भविष्य में हरिद्वार को भी इससे जोड़ने की योजना है।

उन्होंने बदरीनाथ और केदारनाथ पुनर्विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं के साथ सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

रेल, हवाई संपर्क और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

धामी ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन का निर्माण आगे बढ़ रहा है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से 45 से अधिक विमान सेवाएं संचालित होने और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में चल रहे कार्यों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, हरिद्वार में दूसरे मेडिकल कॉलेज को शुरू करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

28 से अधिक बार उत्तराखंड आ चुके हैं प्रधानमंत्री: धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 से अधिक बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने विदेश यात्राओं के दौरान उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को उपहार के रूप में देकर राज्य की संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान दिया है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने और जनकल्याण के प्रयासों के लिए केंद्र के सहयोग की सराहना करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक नेतृत्व को राष्ट्रहित और सेवा की भावना से जोड़ते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

(Visited 8 times, 8 visits today)