देहरादून: उत्तराखंड में विकास कार्यों और आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर सरकार ने वित्तीय मंजूरियों का दायरा बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, आपदा राहत और हरिद्वार में कुंभ से जुड़ी अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत धनराशि में हरिद्वार के कुंभ मेला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, आधुनिक आकर्षणों और व्यवस्थाओं के विकास के साथ पर्वतीय क्षेत्रों की सड़कों के सुधारीकरण पर भी जोर दिया गया है।
पांच सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों की मंजूरी
सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मरचूला-स्याल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये तथा रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पौड़ी जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मार्ग के 13 से 16 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण पर 7.29 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए 36.12 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में रिखाड़ी-बाछम (कर्मी से विनायकधार) मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 9.86 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
कुंभ नगरी में म्यूजिकल फाउंटेन और सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे करोड़ों
कुंभ मेला 2027 को लेकर हरिद्वार में आकर्षक सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसके तहत वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो के साथ म्यूजिकल फाउंटेन की डिजाइनिंग और स्थापना के लिए 4.43 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा भीमगोड़ा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और उन्नयन पर 3.43 करोड़ रुपये तथा शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण पर 7.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कुंभ और अर्द्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं के लिए मशीनों, उपकरणों और अन्य संसाधनों की खरीद को लेकर पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर 10 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
पेयजल और आपदा प्रभावितों के लिए भी बजट
हरिद्वार के बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टर में अस्थायी पाइपलाइन, स्टैंड पोस्ट, पीवीसी टैंक, अस्थायी जल संयोजन और वाटर फिल्टर लगाने के साथ रखरखाव के लिए 3.68 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिली है।
वहीं ऊधमसिंह नगर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत और अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के लिए 18 करोड़ रुपये आवंटित करने का अनुमोदन दिया गया है।
सरकार की इन वित्तीय स्वीकृतियों के जरिए एक ओर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की कोशिश है, वहीं दूसरी ओर कुंभ मेला 2027 से पहले हरिद्वार में जरूरी व्यवस्थाओं और आधारभूत ढांचे को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

