Site icon The Mountain People

13 नवंबर को देहरादून में जुटेंगे प्रवासी उत्तराखंडी, तीसरे सम्मेलन की तैयारियां तेज

 

 

 

देहरादून। उत्तराखंड से बाहर रहकर देश-दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले प्रवासियों को प्रदेश के विकास से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। आगामी 13 नवंबर को देहरादून में तीसरा प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में देश और विदेश में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

शुक्रवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। आयोजन दून विश्वविद्यालय स्थित डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में प्रस्तावित है।

बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में केवल औपचारिक सहभागिता तक सीमित न रहा जाए, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को भी इसमें आमंत्रित किया जाए। उनका कहना था कि प्रवासियों के अनुभव, विशेषज्ञता और उपलब्धियों का लाभ प्रदेश के विकास में लिया जाना चाहिए।

युवाओं को जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर

मुख्य सचिव ने सम्मेलन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को प्रवासी उत्तराखंडियों के संघर्ष, सफलता, नवाचार और कार्य अनुभवों से परिचित कराने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए देश के विभिन्न हिस्सों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पंजीकरण से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम तक की तैयारी

समीक्षा बैठक में सम्मेलन के उद्घाटन सत्र, अतिथियों के संबोधन, डेलीगेट्स के पंजीकरण और अलग-अलग विषयों पर आयोजित होने वाले सत्रों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। इसके साथ ही पैनलिस्ट के चयन, कार्यक्रम की अवधि, सांस्कृतिक संध्या, यातायात व्यवस्था और सम्मेलन के लाइव प्रसारण की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आयोजन से जुड़े कार्यों की विस्तृत चेकलिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी को सौंपी जाए, ताकि तैयारियों की प्रगति समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित हो सके। प्रवासी प्रकोष्ठ और संबंधित अधिकारियों को मंगलवार तक कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा को अंतिम रूप देने को कहा गया है।

बैठक में अधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतिकरण भी दिया। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सम्मेलन को प्रभावी एवं उद्देश्यपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।

Exit mobile version