गैरसैंण को ₹231.91 करोड़ की सौगात, पेयजल से लेकर सड़क और सुरक्षा परियोजनाओं तक 12 योजनाएं

 

 

 

गैरसैंण (भराड़ीसैंण) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में चमोली जिले की ₹231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ₹197.87 करोड़ की छह योजनाओं की आधारशिला रखी गई, जबकि ₹34.04 करोड़ की लागत से पूरी हुई छह योजनाएं जनता को समर्पित की गईं। इन परियोजनाओं में पेयजल आपूर्ति, सड़क सुधार, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

रामगंगा पर पेयजल बांध, बहुगुणानगर में भू-धंसाव से बचाव

शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे बड़ी परियोजना गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की है। इस पर ₹122.69 करोड़ खर्च प्रस्तावित हैं।

इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा कार्यों के लिए ₹50.18 करोड़ से अधिक की योजना का शिलान्यास किया गया। क्षेत्र में भू-धंसाव की समस्या से प्रभावित आबादी की सुरक्षा के लिहाज से यह कार्य महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी अवस्थापना के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण के लिए ₹12.16 करोड़ और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण के लिए ₹22.75 लाख की योजना भी शामिल है।

सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए कुमोली रैवान मोटर मार्ग से फरखण्डे मोटर मार्ग को जोड़ने वाले कार्य पर ₹6.99 करोड़ और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से कुमोली रैवान मोटर मार्ग को जोड़ने से संबंधित कार्य पर ₹5.60 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

सड़कें, ऑडिटोरियम और पुलिस भवन जनता को समर्पित

मुख्यमंत्री ने ₹34.04 करोड़ की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग के उच्चीकरण पर ₹14.82 करोड़ से अधिक खर्च किए गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में ₹4.37 करोड़ की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन भी लोकार्पित किया गया।

सड़क सुविधाओं के तहत सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के छह से 11 किलोमीटर हिस्से में सुधार और डामरीकरण कार्य पर ₹4.03 करोड़ से अधिक खर्च हुए। वहीं, कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के एक से आठ किलोमीटर हिस्से में सुधार, डामरीकरण और नवीनीकरण कार्य पर करीब ₹2.18 करोड़ की लागत आई।

गैरसैंण में पुलिस और अग्निशमन सेवाओं को मजबूत करने के लिए ₹4.37 करोड़ की लागत से बने फायर यूनिट भवन और ₹4.24 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया गया।

बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर

इन योजनाओं के जरिए गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

(Visited 30 times, 30 visits today)