उत्तराखंड चुनाव 2027 की तैयारी तेज, भाजपा ने विस्तारकों को दिया बूथ जीतने का मंत्र

 

 

 

 

देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। काशीपुर में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के समापन पर पार्टी के नवनियुक्त विधानसभा विस्तारकों और प्रभारियों को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनता तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया।

कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा ने अलग-अलग सत्रों में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर मार्गदर्शन दिया।

बीएल संतोष ने बूथ सशक्तीकरण पर दिया जोर

राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए जनता का विश्वास हासिल करना भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विस्तारकों और विधानसभा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए जनता से निरंतर संवाद बनाए रखना होगा।

धामी ने बताई विस्तारकों और प्रभारियों की जिम्मेदारी

समापन सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में विस्तारकों और प्रभारियों की भूमिका अहम रहने वाली है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और जनसंपर्क को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने में संगठन के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने का आह्वान किया।

हर बूथ से घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति

प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि सरकार के विकास कार्यों को देखते हुए 2027 के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करना संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विस्तारकों और प्रभारियों से बूथ समितियों, शक्ति केंद्रों और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर घर-घर तक पार्टी का संदेश पहुंचाने को कहा।

वहीं, बांसुरी स्वराज और फणींद्रनाथ शर्मा ने आगामी चुनाव की तैयारियों तथा संगठन की निर्धारित रणनीति को व्यवस्थित तरीके से लागू करने के लिए जरूरी कार्यों की जानकारी दी। कार्यशाला में चुनावी राजनीति, क्षेत्रवार मुद्दों, सामाजिक समीकरणों और संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा हुई।

प्रशिक्षण के बाद क्षेत्रों में जाएंगे विस्तारक

कार्यशाला पूरी होने के बाद पूर्णकालिक विस्तारक अपने निर्धारित कार्यक्षेत्रों में प्रवास के लिए रवाना होंगे। वे विधानसभा प्रभारियों के साथ मिलकर चुनाव तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे। पार्टी की योजना बूथ समितियों को सक्रिय रखने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने और निर्धारित कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर लागू करने की है।

भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक के लक्ष्य के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया है।

(Visited 15 times, 1 visits today)