देहरादून में दरगाह में तोड़फोड़ का आरोप, बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं समेत 27 के खिलाफ केस

 

 

 

देहरादून: डालनवाला क्षेत्र के रेंजर्स ग्राउंड स्थित दरगाह बाबा जमात शाह में कथित तौर पर तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। दरगाह के खादिम मकसूद अहमद ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग जबरन परिसर में घुसे, मजार को नुकसान पहुंचाया और उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े बताए गए दो लोगों को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

हथौड़े और लाठी-डंडे लेकर पहुंचने का आरोप

पुलिस के अनुसार, खादिम मकसूद अहमद ने अपनी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को अमन स्वेडिया और सिद्धार्थ बड़ोनी करीब 20 से 25 अन्य लोगों के साथ दरगाह परिसर में पहुंचे। आरोप है कि उनके पास हथौड़े और लाठी-डंडे थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, समूह ने परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की और मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

बुजुर्ग खादिम से मारपीट का भी आरोप

मकसूद अहमद ने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की गई। उन्होंने शिकायत में यह भी कहा कि घटना के जरिए क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश की गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमन स्वेडिया और सिद्धार्थ बड़ोनी को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी।

(Visited 188 times, 188 visits today)