Site icon The Mountain People

भाजपा के 22 प्रकोष्ठों की कार्यशाला, संगठन विस्तार और आगामी अभियानों की बनी रणनीति

 

 

 

 

देहरादून: भाजपा उत्तराखंड ने प्रदेश के सभी 22 प्रकोष्ठों की कार्यशाला आयोजित कर संगठन को जिला और मंडल स्तर तक मजबूत करने की रूपरेखा तैयार की। कार्यशाला में प्रदेश संयोजकों और सह-संयोजकों ने अब तक की गतिविधियों का ब्यौरा रखा और आगामी कार्यक्रमों व अभियानों की कार्ययोजना प्रस्तुत की।

कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणिंद्र नाथ दत्त शर्मा, प्रदेश प्रकोष्ठ समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जिला-मंडल स्तर तक प्रकोष्ठों के विस्तार पर जोर

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण इकाई हैं। इनके माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों और क्षेत्रों के लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रकोष्ठों के कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर जोर दिया।

प्रदेश महामंत्री संगठन फणिंद्र नाथ दत्त शर्मा ने प्रत्येक प्रकोष्ठ को अपने क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग कार्यक्रम और अभियान तय करने को कहा। उन्होंने सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल के जरिए गतिविधियों को अधिक लोगों तक पहुंचाने और सरकार व संगठन के कार्यों तथा नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

हर जिले में होंगी प्रकोष्ठों की कार्यशालाएं

प्रदेश प्रकोष्ठ समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी ने बताया कि आने वाले समय में प्रत्येक जिले में प्रकोष्ठों की कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने जिला और मंडल स्तर पर प्रकोष्ठों के गठन तथा उनकी गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा कार्यक्रमों की जानकारी दी और सभी प्रकोष्ठों से इनमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यशाला में प्रदेश प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक सचिन अग्रवाल, सरिता त्रिपाठी, विकल खूब सिंह विकल सहित सभी प्रदेश संयोजक, सह-संयोजक और जिला स्तर के समन्वयक मौजूद रहे।

बैठक में प्रकोष्ठों को संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, जिला एवं मंडल स्तर तक विस्तार करने, सोशल मीडिया के जरिए जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

Exit mobile version