Site icon The Mountain People

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे अधिकारी, मतदान केंद्रों की सुविधाओं का होगा भौतिक सत्यापन

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। इस दौरान भवन की स्थिति के साथ बिजली, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता जांचकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जाएं।

अधिकारियों को डीईओ, आरओ और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स के निर्धारित प्रशिक्षण में भाग लेना सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा जिलों में स्वीप प्लान तैयार करने, बूथ और विधानसभा स्तर पर आवश्यक कार्मिकों का विवरण जुटाने तथा वाहनों की जरूरत और उपलब्धता का आकलन करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उत्तराखंड का दौरा कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं। ऐसे में सभी जिलों को अपनी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version