Site icon The Mountain People

एकांकागुआ से नुन-कुन तक उत्तराखंड के पर्वतारोहियों का दमखम, सीएम धामी ने किया फ्लैग-इन

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतारोहियों ने अंतरराष्ट्रीय और उच्च हिमालयी अभियानों में सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के चार सफल अभियानों का फ्लैग-इन किया। इस दौरान उन्होंने पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में हासिल की गई ये उपलब्धियां युवाओं को साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने NIM की पर्वतारोहण, साहसिक खेल, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में भूमिका को भी रेखांकित किया।

एकांकागुआ पर 6 सदस्यीय दल ने फहराया सफलता का परचम

NIM और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के संयुक्त अभियान के तहत अर्जेंटीना की 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ पर सफल आरोहण किया गया।

कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को चोटी पर पहुंचने में सफलता हासिल की। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।

एक ही अभियान में नुन-कुन की तीन चोटियां फतह

NIM के नुन-कुन अभियान-2026 की कमान संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने संभाली। अभियान दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन पर सफल आरोहण किया।

इसके बाद अभियान को आगे बढ़ाते हुए टीम ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर भी तिरंगा फहराया। इस तरह दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण किया।

पर्वतारोहण से पर्यटन और युवाओं को जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं रखती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता विकसित करने के साथ प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित संस्थान के अधिकारी और अभियान दल के सदस्य मौजूद रहे।

Exit mobile version