Site icon The Mountain People

लक्सर में महिला के धर्म परिवर्तन और निकाह का आरोप, पहली पत्नी की शिकायत पर जांच शुरू

 

 

 

लक्सर: छत्तीसगढ़ में काम के दौरान एक महिला से संपर्क के बाद उसे लक्सर लाने और कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने का मामला सामने आया है। युवक की पहली पत्नी की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है।

बताया गया कि लक्सर क्षेत्र का युवक वर्ष 2025 में गन्ने की चरखी पर काम करने छत्तीसगढ़ गया था। वहीं उसकी एक हिंदू महिला से पहचान हुई। आरोप है कि दिसंबर में युवक महिला को अपने साथ लक्सर ले आया।

शिकायत के मुताबिक इसके बाद महिला को कलियर ले जाया गया, जहां कथित रूप से उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और नाम बदलने के बाद दोनों का निकाह कराया गया। इसके बाद से दोनों के साथ रहने की बात कही जा रही है।

पहली पत्नी ने जताया विरोध

युवक की पहली पत्नी को जब मामले की जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया। आरोप है कि पति ने उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलने पर कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंचे और युवक तथा अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के अनुसार शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।

 
 
Exit mobile version