Site icon The Mountain People

हल्द्वानी में भाजपा का मिशन-2027 मंथन, विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर नजर

 

 

 

हल्द्वानी: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मिशन-2027 की तैयारियों को लेकर संगठन की रणनीति पर मंथन के साथ विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा भी संभावित है। पार्टी इस बैठक के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना रोडमैप तय करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

भाजपा नेतृत्व पहले ही कमजोर प्रदर्शन वाले विधायकों को सीधे बदलने की बात से इनकार कर चुका है, लेकिन ‘जीतने वाले को ही टिकट’ देने का संदेश भी साफ है। ऐसे में विधायकों के मौजूदा प्रदर्शन और चुनावी स्थिति का आकलन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले कराए गए सर्वे में भाजपा को 70 में से 55 सीटों पर बढ़त मिलती दिखाई दी थी। पार्टी अब इस स्थिति को बरकरार रखने के साथ आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।

दलबदल के लिए भाजपा के दरवाजे खुले

बाहर से आने वाले नेताओं को लेकर भी प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। उनका कहना है कि भाजपा के दरवाजे हमेशा खुले हैं। ऐसे में आगामी चुनाव से पहले दूसरे दलों के नेताओं के भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हैं।

प्रभारी और संगठन मंत्री की गैरमौजूदगी चर्चा में

प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक में प्रदेश प्रभारी और प्रदेश महामंत्री संगठन की अनुपस्थिति भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठकों में इन दोनों पदों की अहम भूमिका रहती है।

प्रदेश में कुछ समय पहले हुए विवाद के दौरान प्रदेश प्रभारी का नाम सामने आने के बाद से उनकी बैठकों में मौजूदगी नजर नहीं आई है। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री के पद पर अभी नियुक्ति नहीं हुई है। ऐसे में नए पदाधिकारियों की पहली प्रदेश कार्यसमिति में दोनों प्रमुख पदों की गैरमौजूदगी को संगठन के भीतर महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

Exit mobile version