Site icon The Mountain People

चमोली का ‘तिलिस्मी ट्रेक’ बना Trek of the Year 2026, ड्याली सेरा में बढ़ेगी पर्यटकों की आवाजाही

 

 

 

 

गोपेश्वर: चमोली के ज्योतिर्मठ विकासखंड स्थित खूबसूरत ड्याली सेरा ट्रेक को उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने ‘ट्रेक ऑफ द ईयर 2026’ घोषित किया है। स्थानीय स्तर पर ‘तिलिस्मी ट्रेक’ के नाम से मशहूर इस रूट को पर्यटन की मुख्यधारा से जोड़ने से देश-दुनिया के ट्रेकर्स के यहां पहुंचने की उम्मीद बढ़ी है।

पर्यटन विभाग के अनुसार 1 सितंबर 2026 से 30 मार्च 2027 तक विशेष ट्रेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पहले 300 ट्रेकर्स को प्रति व्यक्ति ₹2,000 की सब्सिडी दी जाएगी। ट्रेक का संचालन यूटीपीसी में पंजीकृत स्थानीय टूर ऑपरेटरों के माध्यम से होगा।

करीब 3,600 मीटर ऊंचाई पर स्थित ड्याली बुग्याल इस ट्रेक की खासियत है। प्रस्तावित ट्रेकिंग सर्किट ड्याली बुग्याल, डुब्रा वैली, कुआरी पास, गोरसों बुग्याल और औली को जोड़ता है और करीब छह दिन में पूरा किया जा सकता है।

स्थानीय पर्यटन कारोबारियों ने उम्मीद जताई है कि ट्रेक के विकास से कैंप साइट, रूट मेंटेनेंस और पेयजल जैसी सुविधाएं बेहतर होंगी। साथ ही कुआरी पास ट्रेक पर बढ़ते दबाव को कम करने और आसपास के गांवों में रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी मदद मिलेगी।

हिमालयी बुग्यालों, घने देवदार-बुरांश के जंगलों, घाटियों और ऊंचे हिमालयी दर्रों से गुजरने वाला यह ट्रेक प्रकृति और रोमांच पसंद करने वाले पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनने की उम्मीद है।

 
Exit mobile version