Site icon The Mountain People

देवीधुरा में ₹9.80 करोड़ की मल्टी लेवल पार्किंग, 83 कारों के लिए होगी जगह

 

 

 

 

चंपावत: देवीधुरा में बग्वाल मेले और पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग की समस्या दूर करने की कवायद तेज हो गई है। ग्राम देचमार में प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना को ₹980.23 लाख की लागत पर सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

मंगलवार को सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के तकनीकी और वित्तीय पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में पार्किंग को क्षेत्र की जरूरत के मुताबिक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

83 कारों के लिए होगी पार्किंग

संशोधित प्रस्ताव में दोपहिया पार्किंग, दुकान और कैफे का प्रावधान हटाकर केवल कार पार्किंग पर फोकस किया गया है। मल्टी लेवल पार्किंग में 83 कारों को खड़ा करने की सुविधा होगी। परिसर में शौचालय और केयरटेकर रूम भी बनाए जाएंगे।

देवीधुरा में बग्वाल मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने से सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। नई पार्किंग बनने से मुख्य सड़क पर अनियंत्रित पार्किंग कम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

0.88 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित परियोजना

पार्किंग के लिए ग्राम देचमार पट्टी देवीधुरा में 0.88 हेक्टेयर पंचायत वन भूमि चिन्हित की गई है। यह भूमि देवीधुरा मेला क्षेत्र के पास सड़क से लगी हुई है। वन विभाग की ओर से भी परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है।

पहले परियोजना का अनुमान ₹994.80 लाख था। नियोजन विभाग के तकनीकी संप्रेक्षा प्रकोष्ठ (TAC) की जांच के बाद ₹980.23 लाख की लागत को उचित माना गया।

पर्यावरणीय प्रावधान भी शामिल

परियोजना में एनपीवीओ, क्षतिपूरक वनीकरण, Soil and Moisture Conservation Plan और Wildlife Management Plan के लिए ₹34.66 लाख से अधिक की कैंपा राशि भी शामिल की गई है। अधिकारियों को निर्माण से पहले भूगर्भीय निरीक्षण रिपोर्ट और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवीधुरा की पार्किंग परियोजना से स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु हो सकेगी।

Exit mobile version