Site icon The Mountain People

टीएचडीसी टनल हादसा: 2 श्रमिक अब भी लापता, रेस्क्यू तेज करने के निर्देश

 

 

 

गोपेश्वर: टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश को लेकर प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में रेस्क्यू की प्रगति, संसाधनों और एजेंसियों के बीच समन्वय की स्थिति पर चर्चा हुई।

अधिकारियों के अनुसार हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए हैं। इनमें 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। 7 श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर में उपचाराधीन हैं, जबकि एक श्रमिक को एम्स ऋषिकेश में उपचार दिया जा रहा है। हादसे में 8 श्रमिकों की मौत हुई है और 2 श्रमिक अभी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि लापता श्रमिकों को खोजने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में पूरी गंभीरता और तेजी बरती जाए। उन्होंने अभियान में लगी सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।

टनल से मशीनें हटाने का काम जारी

रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं, जबकि एक एक्सकेवेटर और एक डम्पर को हटाने का कार्य चल रहा है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को जल्द हटाकर टनल के भीतर खोज एवं बचाव अभियान को गति देने के निर्देश दिए।

उन्होंने आरबीएनएल के साथ समन्वय मजबूत करने और टीएचडीसी से जुड़े रेस्क्यू समेत अन्य आवश्यक कार्यों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा।

श्रमिकों के PF रिकॉर्ड की जांच के निर्देश

बैठक में श्रमिकों के हितों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को टीएचडीसी परियोजना में काम कर रहे श्रमिकों के पीएफ रिकॉर्ड की जांच कर स्पष्ट और तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रिपोर्ट प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने और मामले की जानकारी श्रम आयुक्त को भी देने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौटियाल समेत टीएचडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version