उत्तराखंड SIR अभियान: 20.27 लाख मतदाताओं तक पहुंचे नोटिस, 1 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त
The Mountain People
देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की प्रगति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अब तक जारी 24.30 लाख नोटिसों में से 20.27 लाख नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं 14 जुलाई से 5 अगस्त के बीच दावे और आपत्तियों के तहत फॉर्म-6 के 57 हजार, फॉर्म-7 के 22,668 और फॉर्म-8 के 26,145 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए सभी स्तरों पर लगातार समीक्षा की जा रही है। विधानसभा स्तर पर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और राज्य स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें कर फीडबैक ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नोटिसों के निस्तारण के लिए अधिकारी लगातार फील्ड विजिट कर रहे हैं। विशेष रूप से 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को राहत देने के लिए निर्देश दिए गए हैं कि उनकी सुनवाई घर पर जाकर की जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से बूथ या कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रेस वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।