Site icon The Mountain People

उत्तराखंड-राजस्थान मिलकर विकसित करेंगे ‘महाभारत सर्किट’, सतपाल महाराज ने सीएम भजनलाल शर्मा से की मुलाकात

 

 

 

जयपुर: उत्तराखंड और राजस्थान के बीच धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात कर दोनों राज्यों के साझा सांस्कृतिक और पौराणिक संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महाभारत सर्किट विकसित करने के प्रस्ताव पर विशेष जोर दिया गया। सतपाल महाराज ने कहा कि महाभारत काल से जुड़े अनेक स्थल उत्तराखंड और राजस्थान दोनों राज्यों में मौजूद हैं। यदि इन्हें एक साझा पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाए तो श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नई धार्मिक एवं ऐतिहासिक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

उन्होंने गणगौर उत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पर्व का उत्तराखंड से भी गहरा पौराणिक संबंध है। मान्यता के अनुसार माता पार्वती हिमालय की पुत्री हैं और उनका मायका उत्तराखंड में माना जाता है। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विरासत के आदान-प्रदान को और मजबूत किया जा सकता है।

सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड और राजस्थान की साझा धार्मिक परंपराएं और सांस्कृतिक धरोहर देश की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। दोनों राज्यों के सहयोग से पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को भी लाभ होगा।

 
Exit mobile version