नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच गुरुवार को सोने की कीमतों में हल्की मजबूती दर्ज की गई, जबकि चांदी के भाव में बड़ी गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक के बाद बाजार में नई हलचल शुरू हो गई है। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के शुरुआती कारोबार में 24 कैरेट सोना 114 रुपये की बढ़त के साथ 1,41,895 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसके विपरीत चांदी 1,487 रुपये टूटकर 2,15,992 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। पिछले कई कारोबारी सत्रों से दबाव में चल रहे सोने को आज हल्का सहारा मिला।
प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव (प्रति 10 ग्राम)
- दिल्ली – ₹1,42,280
- मुंबई – ₹1,42,530
- चेन्नई – ₹1,42,940
- कोलकाता – ₹1,42,340
- बेंगलुरु – ₹1,42,640
- हैदराबाद – ₹1,42,760
प्रमुख शहरों में 22 कैरेट सोने का भाव (प्रति 10 ग्राम)
- दिल्ली – ₹1,30,423
- मुंबई – ₹1,30,653
- चेन्नई – ₹1,31,028
- बेंगलुरु – ₹1,30,753
- हैदराबाद – ₹1,30,863
फेडरल रिजर्व ने अपनी ताजा नीति समीक्षा में ब्याज दरों को 3.50 से 3.75 प्रतिशत के दायरे में यथावत रखा। यह लगातार पांचवीं बैठक है, जिसमें दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया। अब निवेशकों की नजर महंगाई और आगे की मौद्रिक नीति से जुड़े संकेतों पर टिकी हुई है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ता है तो सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है, जबकि चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

