Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में GST कलेक्शन ने भरी उड़ान, तीन महीने में 22% बढ़ा राजस्व

 

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में राज्य कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में जीएसटी संग्रहण के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है। अप्रैल से जून 2026 के दौरान राज्य का कुल राजस्व संग्रह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22 प्रतिशत बढ़कर ₹3,796 करोड़ पहुंच गया।

प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभाग की उपलब्धियों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि नेट SGST संग्रहण ₹2,457 करोड़ से बढ़कर ₹3,056 करोड़ हो गया, जो 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वहीं नॉन-GST राजस्व ₹658 करोड़ से बढ़कर ₹740 करोड़ पहुंच गया, जिसमें 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

बैठक में केंद्रीय खुफिया इकाई (CIU) की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक ₹16.48 करोड़ की वसूली की जा चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 27.6 प्रतिशत अधिक है।

प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को जीएसटी संग्रहण की रफ्तार बनाए रखने, कर अनुपालन बढ़ाने और डेटा व आधुनिक तकनीक का अधिक प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि करदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (SIB), मोबाइल स्क्वाड, ऑडिट विंग तथा होटल, रेस्टोरेंट और वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट जैसे क्षेत्रों में जीएसटी अनुपालन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और राजस्व संग्रहण को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।

 

Exit mobile version